दुर्ग (विश्व परिवार)। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अपने विस्तार कार्यक्रम के अंतर्गत दुर्ग क्षेत्र की 58वीं शाखा पुष्पक नगर शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नवीन शाखा का उद्घाटन दिवाकर प्रसाद सिंह, महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख, रायपुर अंचल तथा डॉ. अरुण अरोरा, कुलपति छ. ग. स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख संदीप मान ने अपने उद्बोधन में कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा अपने ग्राहकों की समस्त बैंकिंग आवश्यकताओं की पूर्ति एक ही स्थान पर सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने बैंक की विभिन्न वित्तीय समवेशी योजनाओं एवं ग्राहक सेवा प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री दिवाकर प्रसाद सिंह ने बैंक द्वारा प्रदान की जा रही उन्नत एवं प्रौद्योगिकी आधारित बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं, युवा वर्ग, कृषकों एवं लघु उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उत्पादों का उल्लेख करते हुए बैंक की जन-केंद्रित कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
माननीय डॉ. अरुण अरोरा, कुलपति छ. ग. स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने बैंक ऑफ बड़ौदा के नए शाखा की स्थापना एवं उद्घाटन पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की यह शाखा क्षेत्र के नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, युवाओं एवं महिलाओं को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से जोड़ते हुए समृद्धि के नए द्वार खोलेगी।
इस अवसर पर उप क्षेत्रीय प्रमुख जयप्रकाश नारायण, बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं ग्राहकगण उपस्थित रहे।







