कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़

भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण की समीक्षा: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने काम में तेजी के दिए निर्देश

कबीरधाम (विश्व परिवार)। भोरमदेव मंदिर परिसर में निर्माणाधीन पर्यटन कॉरिडोर के कार्यों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को बेस स्ट्रक्चर के कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के सभी ग्राउंड वर्क और मूलभूत निर्माण तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

मंदिर परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने साप्ताहिक प्रगति, फील्ड पर किए गए कार्य और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और इसके लिए पर्याप्त मैनपावर व मशीनरी तैनात की जाए।

पर्यटन विभाग के इंजीनियरों को निर्देशित किया गया कि वे निर्माण एजेंसियों को तकनीकी सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य की गुणवत्ता और गति बनी रहे। समीक्षा के दौरान मंदिर परिसर, सरोवर, मड़वा महल, छेरकी महल और सरोदा डैम से जुड़े कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री ने बारिश को ध्यान में रखते हुए सरोवर क्षेत्र के कार्यों की विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सरोदा डैम पर प्रस्तावित कैफेटेरिया को व्यू पॉइंट के रूप में विकसित करने और पर्यटकों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कॉरिडोर के खंभों, दीवारों और प्रवेश द्वारों में फणी नागवंशी स्थापत्य शैली की कलाकृतियों को शामिल करने पर जोर दिया, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक प्राचीन स्थापत्य का अनुभव कर सकें। इसके अलावा जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए केंद्रीकृत पानी टंकी निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य भगत पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, कलेक्टर गोपाल वर्मा, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts