- पूर्व मंत्री प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने केन्द्र एवं छ.ग. सरकार को लिखा पत्र
रायपुर (विश्व परिवार)। छ.ग. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री छ.ग.शासन धनेंद्र साहू ने भारत शासन के प्रधान मंत्री एवं छ.ग.शासन के मुख्य मंत्री को पत्र प्रेषित करते हुए, केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्वावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं का लाभ पाने वाले लाभार्थी पिछले 5 महीनों से सरकारी उपेक्षा का शिकार हैं । आपने पत्र भेजकर छ.ग. प्रदेश के उन लाखों असहाय बुजुर्गों, विधिवाओं और दिव्यांगजनों की ओर आकर्षित कराया है जो केन्द्र शासन के द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के भरोसे अपना जीवन यापन कर रहे हैं ।
विदित हो कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्वावस्था/विधवा/दिव्यांग पेंशन योजना के तहत मिलने वाली राशि पिछले 5 महीनों से लाभार्थियों तक नहीं पहुंची है । राशि न मिलने के कारण कई परिवार भुखमरी की कगार पर हैं । जिससे बदहाली का जीवन जीने को मजबुर हो रहे है । दवाई, राशन और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के लिए यह वर्ग पूरी तरह इस पेंशन पर निर्भर है । यह केवल एक सरकारी आंकड़ा नहीं है, बल्कि उन गरीब लोगों की दवा और रोटी का सवाल है जिनके पास आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है ।
अधिकारी वर्ग इस विषय पर मौन साधे हुए हैं और गरीब जनता कार्यालयों के चक्कर काटकर थक चुकी है। डिजिटल इंडिया के इस दौर में भी यदि सहायता राशि पहुंचने में 5 महीने की देरी हो रही है, तो यह दोनो डबल इंजन शासन के व्यवस्था की संवैदनशीलता को दर्शाता है ।
उन्होने प्रधान मंत्री और मुख्य मंत्री से मांग की है कि पिछले 5 महीनों की रूकी हुई पेंशन राशि अविलंब एकमुश्त जारी की जाए एवं भविष्य में हर महीने की एक निश्चित तिथि को पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जावे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए ।
धनेन्द्र साहू ने केन्द्र एवं राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए यह भी कहा हैं कि यदि जल्द ही पेंशन राशि जारी नहीं की गई, तो प्रभावित वर्ग को लेकर कांग्रेस पार्टी राजधानी, शहर से लेकर गांव-गांव में आंदोलन के लिए मजबूर होंगी ।







