छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में केदार कश्यप का बड़ा बयान: बेरोजगारी घटी, PM की अपील मानने की अपील

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने राज्य में बेरोजगारी दर, विकास कार्यों, प्रधानमंत्री की अपील और फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में कमी आई है और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। राज्य निर्माण के बाद लोगों के जीवन स्तर में लगातार सुधार हुआ है। सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। राज्य के युवाओं का सपना अब पूरा हो रहा है।
मंत्रियों के काफिले कम करने की मांग पर बोले मंत्री
कांग्रेस द्वारा मंत्रियों के गाड़ियों के काफिले कम करने की मांग पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार की हमेशा कोशिश रहती है कि खर्च कम किया जाए। इस विषय पर सरकार स्तर पर विचार किया जाएगा और जहां आवश्यकता होगी वहीं संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
पीएम मोदी की अपील पर कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वैश्विक संकट को लेकर देशवासियों से की गई अपील पर मंत्री कश्यप ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री की बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। आने वाले एक साल तक प्रधानमंत्री की बातों को अपनी दिनचर्या में उतारने की आवश्यकता है। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री की अपील पर तंज कसने पर पलटवार करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि आरोप लगाना कांग्रेस का दायित्व बन गया है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक संकट को देखते हुए देशहित में अपील की है। कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उस समय देश को खोखला करने का काम किया गया, जबकि आज भारत हर क्षेत्र में मजबूत हो रहा है।
कांग्रेस पर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
भाजपा द्वारा पोस्टर के माध्यम से कांग्रेस को हिंदू विरोधी बताए जाने के मुद्दे पर वन मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद तुष्टिकरण की राजनीति के तहत सनातन धर्म का सम्मान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन राष्ट्रपति को भी मंदिर जाने से रोका गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने बयानों से तुष्टिकरण की राजनीति को उजागर कर रहे हैं और इसी कारण देशभर में कांग्रेस का सफाया हो रहा है।
दिसंबर-जनवरी तक हो सकती है फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा
फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के वन मंत्री के बंगले पहुंचने पर मंत्री कश्यप ने कहा कि अभ्यर्थियों से उनकी मुलाकात हो चुकी है। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट पूरा कर लिया गया है और इस विषय पर अधिकारियों से चर्चा भी हुई है। व्यापम के माध्यम से भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। दिसंबर या जनवरी तक लिखित परीक्षा कराई जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts