छत्तीसगढ़रायपुर

जलभराव से परेशान जनता, निरीक्षण में पहुंचे विधायक पुरंदर मिश्रा

  • फाफाडीह अंडरब्रिज में भरे गंदे पानी पर सख्त हुए विधायक पुरंदर मिश्रा, कहा– जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में सामने आ रही जलभराव की समस्या को लेकर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा एक्शन मोड में नजर आए। नेशनल हाईवे स्थित DRM ऑफिस के पास फाफाडीह अंडरब्रिज में पिछले कई दिनों से नाले का गंदा पानी भरने और लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि फाफाडीह क्षेत्र के रमन मंदिर छहमुंहा नाले में भारी मात्रा में कचरा और गाद जमा होने से जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। नालों की सफाई नहीं होने के कारण चुनाभट्टी बस्ती सहित फाफाडीह अंडरब्रिज के आसपास जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को विधायक पुरंदर मिश्रा ने तत्काल सफाई अभियान चलाने, नाले की गाद हटाने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायपुर की जनता को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि केवल खानापूर्ति नहीं, बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को दोबारा ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी, नालों की नियमित सफाई और जलनिकासी की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व है। उन्होंने कहा कि वे लगातार मैदान में रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हर स्तर पर सक्रियता के साथ कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान रायपुर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, फाफाडीह मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र गंडेचा, एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार, वार्ड पार्षद खगपति सोनी, पूर्व पार्षद गोपाल सोना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts