छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में गंदगी पर भड़के विधायक राजेश मूणत, सफाई ठेकेदार पर 20 हजार का जुर्माना

रायपुर (विश्व परिवार)। आज रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर निगम जोन 8 के माधवराव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 के यादव पारा एवं सतनामी पारा के आसपास निरीक्षण के दौरान कचरे के ढेर एवं गंदगी देखकर गहरी नाराजगी व्यक्त की। पश्चिम विधायक ने वार्ड 69 के पार्षद महेंद्र औसर और जोन 8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल की उपस्थिति में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डवासियों से चर्चा कर जोन कमिश्नर को जनहित एवं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से सफाई व्यवस्था सुधारने आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने माधवराव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 के सतनामी पारा एवं यादव पारा के आसपास कचरे के ढेर मिलने और निर्धारित संख्या में ठेका सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर वार्ड 69 के अनुबंधित सफाई ठेकेदार मेसर्स शिव कृपा कंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी कर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की तैयारी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर की गई। साथ ही ठेकेदार को 2 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए गए, अन्यथा अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी दी गई।

जोन कमिश्नर ने जोन कार्यालय में सभी वार्डों के सफाई ठेकेदारों की बैठक लेकर स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान की तैयारी की समीक्षा की। बैठक में सुपरवाइजर एवं वार्ड प्रभारी उपस्थित रहे। सभी ठेकेदारों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत संख्या में सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और उनकी जियो टैगिंग के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कर दिन में दो बार साझा की जाए। ठेकेदारों को स्वयं वार्ड में उपस्थित रहकर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नालियां जाम मिलने और गंदगी पाए जाने पर क्षेत्र में कार्यरत सफाई सुपरवाइजर मिथलेश डहरिया और फूलसिंह यादव को हटाने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts