छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ महिला वकील हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार

रायगढ़ (विश्व परिवार)। जिले के तुमीडीह के चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को सक्ती से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी के शादीशुदा होने के कारण दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था।
पुलिस के अनुसार, प्रेमिका द्वारा लगातार दबाव और आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान होकर प्रेमी ने महिला वकील की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर उसने साक्ष्य मिटाने और मामले को छिपाने की भी कोशिश की। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को सक्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इस हत्याकांड को लेकर पूरे जिले में आक्रोश का माहौल था। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में अधिवक्ताओं ने महिला वकील को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मौन जुलूस निकाला था। इसके बाद अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
हत्यारे ने बताई वारदात की कहानी
इस पूरे मामले में पुलिस गिरफ्त में आए हत्यारे लोकनाथ पटेल ने बताया कि वह शादीशुदा है, यह बात उसकी प्रेमिका नहीं जानती थी और प्रेम संबंध बनने से पहले यह बात उससे छुपाते आ रहा था। हाल ही में एक वाट्सएप डीपी में उसकी पत्नी की फोटो को प्रेमिका आराधना ने देख लिया तब से रोज विवाद होता था। आराधना अपने अधिवक्ता होने की धमकी देकर उसको फंसाने के साथ-साथ तरह की प्रताड़ना दे रही थी, जिससे वह परेशान था। कुछ दिन से विवाद ज्यादा बढ़ने के कारण प्रेमी ने प्रेमिका महिला वकील की हत्या की याेजना बनाई।
प्रेमी ने हत्या के एक दिन पहले प्रेमिका को सक्ती ले जाकर आखरी बार होटल में रात रुककर समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दूसरे दिन तुमीडीह के जंगल में ले जाकर पहले उसका गला दबाया और उसके बाद सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। वह इस बात को जानता था कि तुमीडीह इलाका उसका पुराना पहचान का इलाका है और वह पास के कारखाने में काम भी करता था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts