छत्तीसगढ़रायपुर

मोट्राइज्ड ट्रायसायकल ने बदली दिव्यांग हितग्राही की जिंदगी, अब गांव-गांव जाकर सब्जी बेचेंगे झंगलू टण्डन, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

रायपुर (विश्व परिवार)। समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल ने एक दिव्यांग हितग्राही के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार किया है। बलौदाबाजार भाटापारा जिले के ग्राम मटिया निवासी 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग झंगलू टण्डन को विभाग द्वारा मोट्राइज्ड ट्रायसायकल प्रदान की गई है, जिससे अब उनके लिए रोजगार और आवागमन के नए रास्ते खुल गए हैं।
पहले जहां श्री टण्डन को रोजमर्रा के कार्यों और आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब मोट्राइज्ड ट्रायसायकल मिलने से वे स्वतंत्र रूप से गांव-गांव जाकर सब्जी बेचने का व्यवसाय शुरू कर सकेंगे। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होगी और परिवार के भरण-पोषण में भी मजबूती मिलेगी।
झंगलू टण्डन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह ट्रायसायकल उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि अब वे किसी पर निर्भर हुए बिना अपने पैरों पर खड़े होने का प्रयास करेंगे।
यह पहल राज्य सरकार की दिव्यांगजन कल्याण एवं सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मोट्राइज्ड ट्रायसायकल जैसे सहायक उपकरण न केवल दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ा रहे हैं, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।
दिव्यांग हितग्राहियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली ऐसी पहलें समाज में समावेशी विकास और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts