रायपुर (विश्व परिवार)। ग्राम पंचायत दतरेंगा में 25 मई 2026 को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला सेन, जनपद सदस्य ममता ध्रुव, हेमलता गावड़ा सहित 19 गांवों के सरपंच मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में सहायक कलेक्टर उमाशंकर बंदे, एसडीएम नंद कुमार चौबे, जनपद पंचायत सीईओ आशीष केशरवानी, तहसीलदार राममूर्ति, तहसीलदार राकेश देवांगन समेत सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत आम नागरिकों को लाभ पहुंचाया गया। इस दौरान 13 आरटीओ लाइसेंस, 20 आधार अपडेट, 17 राशन कार्ड, 10 पेंशन स्वीकृति और 5 श्रम कार्ड बनाए गए। इसके अलावा सैकड़ों हितग्राहियों को बीज, खाद, पौधे, छड़ी, ट्राइसाइकिल, प्रमाण पत्र, दिव्यांग बच्चों को उपकरण, नोनी सुरक्षा योजना और सुकन्या समृद्धि खाते की सुविधा प्रदान की गई। ग्राम पंचायत को टेस्टिंग किट भी वितरित की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए हेल्थ चेकअप शिविर में 46 एक्स-रे, 50 बीपी एवं शुगर जांच, 10 डेंटल चेकअप सहित कुल 90 ओपीडी सेवाएं दी गईं। शिविर में पहुंचे लोगों ने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर संतोष जताया।







