नई दिल्ली (विश्व परिवार)। सीएम कुर्सी को लेकर कर्नाटक कांग्रेस में चल रहा कोल्ड वार अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के भीतर बड़े नेतृत्व परिवर्तन की कवायद शुरू हो गई है। इसकी स्क्रिप्ट भी लगभग लिखी जा चुकी है। जी हां.. डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) के कर्नाटक सीएम बनने की रूपरेखा तैयार हो गई है। कर्नाटक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (CM Siddaramaiah) कल यानी गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं। पार्टी उनकी जगह उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सीएम बना सकती है। दोनों नेताओं की मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडरगे और सांसद राहुल गांधी के बैठक की। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक 6 घंटे चली मैराथन बैठक के बाद इसक सहमति बन गई है।
हालांकि इससे पहले बैठक में शामिल रहे पार्टी के संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने कहा था- जो अटकलें लगाई जा रही हैं, वे सिर्फ अटकलें हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर किसी भी नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा से इनकार किया है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इस्तीफा देने से पहले सीएम सिद्धारमैया ने मंत्रियों को गुरुवार की सुबह ब्रेकफास्ट पर बुलाया है। मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट के बाद मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कांग्रेस आलाकमना को इस्तीफा सौंप देंगे। साथ ही सीएम सिद्धारमैया बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर सकते हैं।
सूत्रों का दावा है कि 2029 लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्धारमैया को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया है। पार्टी चाहती है कि वे दिल्ली जाकर कांग्रेस के प्रमुख ओबीसी चेहरों में से एक के रूप में काम करें और सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना तथा पिछड़ा वर्ग राजनीति के मुद्दों पर पार्टी की रणनीति को मजबूत करें। कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्धारमैया को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि यदि वे दिल्ली आने के लिए तैयार होते हैं, तो उनकी सभी चिंताओं और क्षेत्रीय हितों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्हें राज्यसभा के रास्ते संसद भेजने और AICC में बड़ा पद सौंपा जाएगा।
2.5-2.5 साल की डील
बता दें कि कर्नाटक में कुर्सी को लेकर नाटक पिछले एक साल से चल रहा है। डीके समर्थकों का दावा है कि 2023 में केंद्रीय नेतृत्व ने ढाई-ढाई साल की सत्ता का फॉर्मूला दिया था। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के खत्म हुए 3 साल हो गए हैं। डीके शिवकुमार सीएम कुर्सी के लिए अपनी दावेदारी कई बार कर चुके हैं। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का 20 नवंबर 2025 को 2.5 साल का कार्यकाल पूरा हुआ था। कुछ विधायक जो डिप्टी CM डीके शिवकुमार के समर्थक माने जाते हैं, वे दिल्ली जाकर खड़गे से मिले थे।
कांग्रेस नेता उदित राज ने क्या कहा
इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि कांग्रेस एक डेमोक्रेटिक पार्टी है, और आज़ादी से पहले भी पार्टी में हमेशा अलग-अलग धाराओं और विचारधाराओं के लोग रहे हैं। यहां, चर्चा और बहस खुले तौर पर होती है, और लोग खुलकर अपनी बात रखते हैं और अपनी निराशा भी निकालते हैं… कभी-कभी तो बहुत ज़्यादा। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी में, आप देखते हैं कि मुख्यमंत्रियों को ताश के पत्तों की तरह बदला जा रहा है। उत्तराखंड में, छह महीने के अंदर तीन बार मुख्यमंत्री बदला गया। वहां कोई एक शब्द भी नहीं बोल सकता। वहां कोई डेमोक्रेसी नहीं है, यह एक तानाशाही है। कांग्रेस पार्टी में हमेशा से डेमोक्रेसी रही है। आप जल्द ही हुई मीटिंग का नतीजा देखेंगे। जैसा कि आपने खुद कहा, राज्यसभा चुनाव के बाद, अगर कोई बदलाव या डेवलपमेंट होता है, तो आपको बताया जाएगा। इसलिए, इंतज़ार करें और देखें।







