बीजापुर (विश्व परिवार)। जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ तीसरे दिन भी जारी रही। इस बड़े नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को आज एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 45 लाख रुपये के इनामी नक्सली भास्कर को मार गिराने के बाद, जवानों ने आज दो और नक्सलियों को ढेर कर दिया। इन दोनों के शवों के साथ स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए हैं। बीजापुर पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत अब तक कई बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। इसी क्षेत्र में जवानों ने एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली लीडर सुधाकर और 45 लाख रुपये के इनामी भास्कर को पहले ही मार गिराया था। आज की कार्रवाई में दो अन्य नक्सलियों के मारे जाने से, इस अभियान में अब तक कुल चार नक्सली ढेर हो चुके हैं, जिनमें दो शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं। सुरक्षाबलों का यह अभियान क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।