मुंबई (विश्व परिवार)। मुंबई के ठाणे स्थित मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को चलती लोकल ट्रेन से यात्रियों के गिरने की घटना के बाद भारतीय रेलवे ने बड़ी घोषणा की है।
रेलवे ने मुंबई उपनगरीय डिवीजन के लिए निर्मित होने वाले सभी रेल डिब्बों को स्वचालित दरवाजों की सुविधा से सुसज्जित करने की घोषणा की है।
इसके अलावा, रेलवे ने वर्तमान में संचालित सभी कोचों को इस सुविधा से सुसज्जित करने के लिए दोबारा डिजाइन करने का भी ऐलान किया है।
रेलवे ने मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को चलती लोकल ट्रेन से 10-12 यात्रियों के गिरने की घटना के बाद यह ऐलान किया है। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ के दबाव और दरवाजों पर यात्रियों के असुरक्षित तरीके से लटकने के चलते यह हादसा हुआ है। रेलवे की ओर से इस घटना की जांच भी शुरू कर दी गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच कुल 8 यात्री लोकल ट्रेन से गिर गए और उनमें से कुछ की जान चली गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं। मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं।