रायपुर (विश्व परिवार)। अपनी विकासपरक सोच और जन-हितैषी घोषणाओं को धरातल पर उतारने के लिए मशहूर रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने आज शिक्षा के क्षेत्र में एक और अनुकरणीय मिसाल पेश की है। पूर्व में किए गए अपने वादे को निभाते हुए विधायक मूणत आज महोबा बाजार शासकीय स्कूल पहुंचे, जहाँ उन्होंने 90% से अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रतिभावान 22 छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप ₹5,000-5,000 (पाँच-पाँच हजार रुपये) के चेक व्यक्तिगत रूप से प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि विधायक राजेश मूणत ने पूर्व में विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों का दौरा कर घोषणा की थी कि जो भी बच्चे बोर्ड परीक्षाओं में 90% से ऊपर अंक लाएंगे, उन्हें नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी कड़ी में आज महोबा बाजार स्कूल से इस अभियान की शुरुआत हुई। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय स्कूलों के ऐसे कुल 223 बच्चों की पहचान की गई है जिन्होंने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, इन सभी 223 बच्चों को विधायक द्वारा ₹5-5 हजार के चेक प्रदान किए जाएंगे।
इसके साथ ही, पिछले सत्र में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की प्रवीण सूची (Top-10 Merit List) में स्थान बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले होनहार छात्र को ₹25,000 (पच्चीस हजार रुपये) की विशेष प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। साथ ही मेरिट में आने वाली बेटी को श्री मूणत किसी सरकारी या विधायक निधि से नहीं, बल्कि अपने व्यक्तिगत कोष (स्वयं के खर्च) से आधुनिक बैटरी वाली स्कूटी (E-Scooter) उपहार स्वरूप प्रदान करेंगे।
विधायक राजेश मूणत ने कहा की ”हमारे क्षेत्र के बच्चे ही हमारे छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। जब मैंने विधानसभा के स्कूलों का दौरा किया था, तब मैंने बच्चों की आंखों में आगे बढ़ने का सपना देखा था। आज मुझे बेहद गर्व है कि हमारे शासकीय स्कूलों के बच्चों ने कड़ी मेहनत कर 90% से अधिक अंक हासिल किए हैं।
आज महोबा बाजार स्कूल के 22 बच्चों को प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपकर मैंने शुरुआत कर दी है। पूरे रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में ऐसे 223 बच्चे हैं जिन्होंने 90% से अधिक अंक लाकर कमाल किया है, उन सभी 223 बच्चों को ₹5-5 हजार का चेक दिया जाएगा। इसके साथ ही, पिछले सत्र की प्रवीण सूची (मेरिट) में स्थान बनाने वाले प्रतिभावान बच्चों को ₹25,000 का चेक दिया गया है।

मेरिट में आई बेटी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा है, इसलिए मैंने निर्णय लिया है कि मैं अपनी जेब से (व्यक्तिगत खर्च पर) उस बेटी को बैटरी वाली स्कूटी प्रदान करूँगा।
आगामी एक से दो दिनों के भीतर एक वृहद और भव्य छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ रायपुर पश्चिम विधानसभा के सभी शेष मेधावी बच्चों को एक साथ चेक प्रदान किए जाएंगे और होनहार बेटी को स्कूटी सौंपी जाएगी। बच्चों को प्रोत्साहित करना मेरा नैतिक कर्तव्य है।”
प्रोत्साहन पाकर खिले बच्चों के चेहरे, विधायक जी के प्रति जताई कृतज्ञता
आज महोबा बाजार स्कूल में जिन छात्र-छात्राओं ने विधायक राजेश मूणत के हाथों सम्मान और ₹5,000 का चेक प्राप्त किया, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। बच्चों के चेहरों पर एक अलग ही चमक और उत्साह देखने को मिला।
चेक प्राप्त करने के बाद उत्साहित छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से अपने विधायक के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा:
”आमतौर पर घोषणाएं केवल कागजों पर रह जाती हैं, लेकिन हमारे विधायक मूणत अंकल ने स्कूल आकर अपना वादा पूरा किया है। जब हमें पता चला कि कुल 223 बच्चों को यह चेक मिलने वाला है और मेरिट वाले साथियों को ₹25,000 का चेक व विधायक जी अपने खुद के पैसों से स्कूटी दे रहे हैं, तो हमारा हौसला बढ़ गया। विधायक जी के हाथों यह सम्मान और प्रोत्साहन राशि मिलने से हम सभी विद्यार्थियों का आत्मबल और पढ़ाई के प्रति रुचि कई गुना बढ़ गई है। हम सभी विद्यार्थी विधायक जी का सहृदय धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।”







