ब्यावर (विश्व परिवार)। सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्री विद्यासागर युवा संगठन द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रामावास (जवाजा) में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क चप्पल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय में लगभग 150 ग्रामीण एवं मजदूर परिवारों के बच्चे अध्ययनरत हैं, जिनमें से करीब 100 बच्चों के पास चप्पल नहीं होने के कारण उन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा एवं शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इस उद्देश्य से संगठन द्वारा 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों को चप्पलें एवं विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चों को बिस्कुट एवं पेन वितरित किए गए ।
संगठन के अध्यक्ष कमल जैन ने बताया कि श्री विद्यासागर युवा संगठन समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। बच्चों को चप्पलों जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि उनके बेहतर स्वास्थ्य, आत्मसम्मान एवं शिक्षा के प्रति हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।
मंत्री कल्पेश जैन ने कहा कि ग्रामीण एवं मजदूर परिवारों के बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। समाज के सहयोग से किए गए ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने सभी समाजबंधुओं से सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में विद्यालय आने का उत्साह बढ़ेगा तथा उनके स्वास्थ्य की भी सुरक्षा होगी।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष कमल जैन मती कलपेश जैन,सन्मति रावका , यश जैन,मोंहित जैन ,उज्जवल काला, मोहित जैन , गौरव जैन एवं एकम आसरा से सतपाल, रौनक एवं अन्य सदस्य, विद्यालय स्टाफ़ एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय स्टाफ़ ने श्री विद्यासागर युवा संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा कार्य को प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय बताया।







