- प्रभारी चिकित्सकों के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं महिला कर्मचारियों के अनादर का आरोप
- सीएमएचओ ने दिया उचित कार्यवाही का आश्वासन
बलौदाबाजार (विश्व परिवार) । छत्तीसगढ़ आरएमए एसोसिएशन की जिला बलौदाबाजार इकाई द्वारा खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) पलारी के कार्य व्यवहार एवं आर एम ए चिकित्सकों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर विरोध दर्ज कराया गया है। संघ के पदाधिकारियों एवं आर एम ए चिकित्सकों ने अपनी समस्याएं सीएमएचओ के समक्ष रखते हुए मामले में निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आरएमए एसोसिएशन के प्रवक्ता नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि संघ से जुड़े आर एम ए चिकित्सक पलारी स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत अपनी निष्ठापूर्ण, समर्पित सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में आर एम ए चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विषम परिस्थितियों के बावजूद सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करते आ रहे हैं।
प्रभारी चिकित्सकों के अनुसार, उनके साथ कथित तौर पर असम्मानजनक एवं अनुचित भाषा का प्रयोग, दुर्व्यवहार तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं। संघ का कहना है कि इससे हमारे मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
संघ ने विशेष रूप से महिला स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ कथित अनादरपूर्ण व्यवहार का मुद्दा भी उठाया है। महिला प्रभारी चिकित्सकों का कहना है कि कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। संघ ने मांग की है कि महिला कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इन्हीं विषयों को लेकर संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा सीएमएचओ के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई गई है जिस पर सीएमएचओ द्वारा उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है







