भिलाई

सड़क पर बैठे मवेशियों को पकड़कर गौठान भेज रही निगम की रोका-छेका टीम

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव के बीच सड़कों पर खुले में बैठे मवेशियों के कारण सड़क दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा रोका-छेका अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
निगम के रोका-छेका विभाग की टीम सुबह से ही शहर की प्रमुख सड़कों एवं मार्गों पर भ्रमण कर सड़क के बीच बैठे तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले मवेशियों को पकड़ने का कार्य कर रही है। निगम की टीम द्वारा काउकेचर वाहन के माध्यम से मवेशियों को सुरक्षित रूप से पकड़कर कोसा नाला स्थित गौठान में पहुंचाया जा रहा है। गौठान में पकड़े गए मवेशियों के लिए निगम द्वारा खाने एवं पीने की व्यवस्था के साथ ही आवश्यक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। निगम प्रशासन का उद्देश्य सड़कों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना तथा नागरिकों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
निगम प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। खुले में मवेशियों के विचरण करने से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts