छत्तीसगढ़दंतेवाड़ा 

माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन का शुभारंभ

  • वन मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की पूजा-अर्चना
  • प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना के साथ आगे बढ़ी बस्तर तिरंगा यात्रा

दंतेवाड़ा (विश्व परिवार)। बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद के साथ हुई। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मंत्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी से छत्तीसगढ़ के समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना की। इसके पश्चात राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के सम्मान के संकल्प के साथ बस्तर तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन का सफर प्रारंभ हुआ।
केदार कश्यप ने कहा कि माँ दंतेश्वरी की पावन धरती से तिरंगा यात्रा का आगे बढ़ना गौरव का क्षण है। यह यात्रा बस्तर में शांति, विश्वास, एकता और विकास के नए अध्याय का संदेश लेकर जन-जन तक पहुंच रही है।
दूसरे दिन इन स्थानों से होकर गुजरेगी बस्तर तिरंगा यात्रा
दंतेवाड़ा से प्रारंभ होकर यात्रा कुआकोंडा, भूसारास (घाटी), चिंगावरम, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोंटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली, बकुलपाल, मिनपा-ताड़मेटला, चिंतलनार, जगरगुंडा, सिलगेर, टेकलगुड़ेम और आवापल्ली होते हुए बीजापुर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम निर्धारित है।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ राष्ट्रभक्ति, एकता और विकसित एवं शांत बस्तर का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts