जगदलपुर (विश्व परिवार)। वन मंत्री केदार कश्यप ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों का हालचाल जाना और उनके उपचार की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने घायल जवानों के परिजनों से भी आत्मीय बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का पूरा भरोसा दिलाया। अस्पताल में डॉक्टरों से चर्चा के बाद मंत्री ने बताया कि सभी जवान सुरक्षित हैं और उनका समुचित इलाज जारी है। उन्होंने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू एवं कॉन्टिनेंटल अस्पताल के सहायक महाप्रबंधक डॉ. संतोष कुमार सिंह से जवानों की रिकवरी और उपचार योजना पर विस्तार से विमर्श करते हुए बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि 23 अगस्त को जब वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा (भानपुरी) से कोंडागांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री की गाड़ी के साइड मिरर को छू लिया और फिर स्पेयर वाहन से टकराते हुए काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। इस जोरदार टक्कर में फॉलो वाहन के चालक और उसमें सवार पुलिस जवान घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद मंत्री श्री कश्यप ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया तथा गंभीर रूप से घायल जवानों को उच्चस्तरीय उपचार के लिए जगदलपुर रेफर कराया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका निरंतर इलाज चल रहा है।







