रायपुर

सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर के नए अध्यक्ष बने संजय नायक, निर्विरोध हुआ चुनाव

रायपुर (विश्व परिवार)। मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर परिसर में सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर के अध्यक्ष पद का चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ। समाज के निवर्तमान अध्यक्ष विनोद बड़जात्या के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में शहर के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों के अध्यक्ष और समाज के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। सभी की सहमति से संजय नायक को सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर का नया अध्यक्ष चुना गया।

संजय नायक वर्तमान में मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। समाज के प्रति उनकी सक्रियता, सेवा भावना और संगठनात्मक कार्यों को देखते हुए बैठक में मौजूद सदस्यों ने उनके नाम पर सर्वसम्मति जताई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष विनोद बड़जात्या ने उन्हें एक वर्ष के अध्यक्षीय कार्यकाल के लिए विधिवत कार्यभार सौंपा और शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर

नवनियुक्त अध्यक्ष संजय नायक ने समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के सभी मंदिरों और संस्थाओं को साथ लेकर एकजुटता के साथ धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस अवसर पर समाजजनों ने नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सकल दिगंबर जैन समाज रायपुर की सामाजिक, धार्मिक और सेवा गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts