छत्तीसगढ़रायपुर

WRS कॉलोनी स्कूल में छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा- शिक्षा की राह होगी आसान

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत WRS कॉलोनी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा ने बेटियों को साइकिल वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक देखने को मिली। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में सुविधा और प्रोत्साहन बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और शिक्षा की राह और सुगम बनेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। छात्राओं के हित में संचालित योजनाएं उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान कर रही हैं। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधायक श्री मिश्रा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा आकार दें, पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करें तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और देश के भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं जनप्रतिनिधियों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद खगपति सोनी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष कन्हैया बाघ, शाला के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
साइकिल वितरण कार्यक्रम ने छात्राओं के उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ यह संदेश भी दिया कि शिक्षा की राह में आने वाली हर बाधा को दूर कर बेटियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts