छत्तीसगढ़जगदलपुर 

बदहाल NH-30 को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, कामानार नाका पर हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन

जगदलपुर (विश्व परिवार)। जगदलपुर को सुकमा और आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-30 बीते कई सालों से बदहाल है। NH-30 की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। वहीं मंगलवार को कांग्रेस की स्थानीय इकाई ने उक्त मांगों को लेकर कामानार नाका के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस का कहना है कि यह मार्ग कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से होकर गुजरता है और कुटुमसर गुफा से लेकर तीरथगढ़ जलप्रपात देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां हर रोज पहुंचते हैं। लेकिन पर्यटकों का स्वागत बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग करता है। ऐसे में प्रदेश की छवि टूरिज्म सेक्टर में खराब हो रही है।
इसके अलावा आंध्र प्रदेश को छत्तीसगढ़ से व्यापारिक रूप से यही राष्ट्रीय राजमार्ग जोड़ता है, लेकिन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान इलाके में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसकी वजह से परिवहन पर सीधा असर देखने को मिलता है।
स्थानीय लोग भी बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने भी सरकार से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग दोहराई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts