- फुटबॉल मैच में टीम सेंट स्ट्राइकर्स ने 4-2 से दर्ज की शानदार जीत
रायपुर (विश्व परिवार)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय रायपुर द्वारा आज स्पोर्ट्स डे का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर आंचलिक कार्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं के स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्पोर्ट्स डे के अंतर्गत फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों की दो टीमों “टीम सेंट स्ट्राइकर्स” एवं “टीम सेंट फाइटर्स” के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। लगभग 30 मिनट तक चले इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
रोमांचक मुकाबले में टीम सेंट स्ट्राइकर्स ने 4-2 से शानदार जीत दर्ज की। टीम सेंट स्ट्राइकर्स की ओर से सुनीत राणा, एजीएम ने 2 गोल, जबकि राकेश भूतड़ा, अंचल प्रमुख तथा एन के मंगल मुख्य सतर्कता अधिकारी ने 1-1 गोल किया। वहीं, टीम सेंट फाइटर्स की तरफ से सरित मुखर्जी एवं एन शंकर राव ने 1-1 गोल करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया ।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि तेज बारिश के बावजूद सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, टीम भावना एवं खेल भावना के साथ मैच में भाग लिया। खिलाड़ियों के उत्साह और जोश ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर आयोजित खेल गतिविधि ने कर्मचारियों के बीच टीमवर्क, अनुशासन, आपसी सहयोग एवं एकता की भावना को और मजबूत किया। ऐसे आयोजन कर्मचारियों को कार्य के साथ-साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संदीप प्रसाद, एन. शंकर राव, सरित मुखर्जी, योगेंद्र साहू एवं मनीष कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जोनल ऑफिस रायपुर द्वारा भविष्य में भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य, फिटनेस, टीम भावना एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की खेल एवं सामाजिक गतिविधियों के आयोजन को प्रोत्साहित किया जाएगा।







