रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर के सेजबहार स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-1 में बारिश के बाद जलभराव की समस्या ने रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। कॉलोनी के कई हिस्सों में गंदा पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और समुचित जल निकासी व्यवस्था के अभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
रहवासियों के अनुसार बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया है। कई स्थानों पर गंदा पानी लंबे समय तक रुका हुआ है। इससे पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों में गंदगी और कचरा जमा होने के कारण पानी का बहाव बाधित हो रहा है। बारिश का पानी नालियों के जरिए बाहर निकलने के बजाय कॉलोनी के भीतर ही जमा हो रहा है।
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, संक्रमण का खतरा
लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। रहवासियों ने आशंका जताई है कि जलभराव की स्थिति बनी रही तो मच्छरजनित और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने सफाई के साथ-साथ जमा पानी पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अधिकारियों से तत्काल निरीक्षण की मांग
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने हाउसिंग बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराने और नालियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि केवल जमा पानी हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए नालियों की नियमित सफाई के साथ बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित करना जरूरी है। कॉलोनीवासियों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई है।







