भानुप्रतापपुर (विश्व परिवार)। भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत परवी में प्रधानमंत्री आवास योजना के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। पंचायत सचिव ने सरपंच पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सचिव ने भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं सरपंच ने सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को प्रदेशभर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत परवी में भी गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम की सूचना पंचायत सचिव ने सरपंच को नहीं दी थी। जब सरपंच को किसी माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी मिली, तो वह कार्यक्रम स्थल पहुंचा और सचिव से इस संबंध में जानकारी लेने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सरपंच ने पंचायत सचिव के साथ मारपीट की। घटना के बाद पंचायत सचिव भानुप्रतापपुर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मामले को लेकर सचिव संघ ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सरपंच ने सचिव पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। फिलहाल, मामला भानुप्रतापपुर थाने में दर्ज है। पूरे विवाद में मारपीट की वास्तविक स्थिति और घटना के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।







