रायपुर (विश्व परिवार)। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एवं अनुभवी नेतृत्वकर्ता अमर पारवानी को CAIT दिल्ली का प्रदेश प्रभारी नियुक्त कर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके इस नवीन दायित्व से दिल्ली के व्यापारिक संगठनों एवं व्यापारी समुदाय में उत्साह का माहौल है।
व्यापारी हितों के लिए लंबे समय से निरंतर सक्रिय अमर पारवानी को संगठनात्मक कार्यों, व्यापारियों की समस्याओं की प्रभावी पैरवी तथा सरकार और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का व्यापक अनुभव है। ऐसे में CAIT दिल्ली प्रदेश प्रभारी के रूप में उनकी नियुक्ति को संगठन को नई गति और नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दिल्ली के व्यापारियों की आवाज को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
नवीन जिम्मेदारी के साथ पारवानी का प्रमुख फोकस दिल्ली के व्यापारियों को एकजुट करने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सामने लाने तथा केंद्र सरकार एवं संबंधित विभागों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने पर रहेगा।
GST, व्यापारिक कानूनों, ई-कॉमर्स, डिजिटल व्यापार, बाजारों के आधुनिकीकरण, व्यापारियों के लिए सुगम व्यवसायिक वातावरण तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की समस्याओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर CAIT के माध्यम से प्रभावी पहल को और मजबूत किए जाने की उम्मीद है।
“व्यापारी हित सर्वोपरि, संगठन को बनाएंगे और मजबूत”
नवीन दायित्व प्राप्त होने पर अमर पारवानी ने CAIT के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि CAIT के राष्ट्रीय चेयरमेन बृजमोहन अग्रवाल, CAIT राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया एवं CAIT राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद चांदनी चौक नई दिल्ली प्रवीण खण्डेलवाल ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश के व्यापारिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र है और यहां के व्यापारियों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को मजबूती से उठाना हमारी प्राथमिकता होगी। व्यापारी हितों की रक्षा के साथ-साथ व्यापारियों को बदलते आर्थिक एवं डिजिटल परिवेश के अनुरूप सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि CAIT की ताकत देशभर के व्यापारियों की एकजुटता है। दिल्ली के व्यापारियों को संगठन के साथ जोड़ते हुए उनकी आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावशाली बनाया जाएगा।
नई जिम्मेदारी से संगठन में उत्साह
अमर पारवानी को CAIT दिल्ली प्रदेश प्रभारी का नवीन दायित्व मिलने पर देशभर के व्यापारी नेताओं एवं CAIT से जुड़े पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। व्यापारी समुदाय ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके कुशल नेतृत्व एवं अनुभव से CAIT दिल्ली को नई ऊर्जा मिलेगी और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को और अधिक मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
अमर पारवानी का यह नवीन दायित्व न केवल CAIT दिल्ली के संगठनात्मक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की आवाज को और अधिक सशक्त एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।







