छत्तीसगढ़दुर्ग

जोरातराई में भाजपा नेता पर चाकू से हमला, आरोपी अहमदाबाद भागा; रायपुर स्टेशन से गिरफ्तार

दुर्ग (विश्व परिवार)। दुर्ग जिले के जोरातराई में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी कुरपा बाग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी अहमदाबाद भाग गया था, लेकिन वहां दोस्त ने फोन नहीं उठाया तो वापस लौट आया। रायपुर रेलवे स्टेशन से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की बाइक एम्स परिसर से बरामद हुई है।
घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की है। राजेंद्र सिंह यादव जोरातराई के एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पीछे से चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले में लगने से राजेंद्र यादव घायल हो गए। राजेंद्र यादव को इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बाइक एम्स में खड़ी कर ट्रेन से अहमदाबाद भागा
हमले के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए दुर्ग से निकल गया। उसने पहले अपनी बाइक एम्स परिसर में खड़ी की और फिर ट्रेन से अहमदाबाद चला गया। वहां वह एक दोस्त के पास रुकने वाला था, लेकिन अहमदाबाद पहुंचने के बाद दोस्त ने उसका फोन नहीं उठाया। इसके बाद आरोपी ने वापस लौटने का फैसला किया।
दोस्त को फोन किया, भाई तक पहुंची जानकारी
अहमदाबाद से लौटते समय आरोपी ने अपने दोस्त को फोन किया। उसने बताया कि उसकी बाइक एम्स में खड़ी है और वह वापस रायपुर आ रहा है। उसने दोस्त से रायपुर स्टेशन आकर उसे लेने के लिए कहा। इस फोन कॉल की जानकारी आरोपी के भाई तक पहुंची। भाई ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी अहमदाबाद से लौट रहा है और रायपुर स्टेशन आने वाला है।
एम्स में मिली बाइक, स्टेशन पर बिछाया जाल
सूचना के बाद पुलिस ने पहले एम्स पहुंचकर आरोपी की बाइक बरामद की। इससे आरोपी के एम्स पहुंचने की बात की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को उसके रायपुर आने की जानकारी मिली।
पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। आरोपी जैसे ही स्टेशन पहुंचा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी जेल भेजा गया, वीडियो भी सामने आया
पुलिस ने आरोपी की पहचान कुरपा बाग (40), निवासी मिलन चौक, बागपारा, ग्राम जोरातराई के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हमले का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। घायल भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव का सेक्टर-9 अस्पताल में इलाज जारी है।

आरोपी कुरपा बाग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts