छत्रपति संभाजीनगर (विश्व परिवार)। नासिक में आयोजित एक समारोह में आनंदी यूनिवर्स फाउंडेशन की ओर से महाराष्ट्र के विभिन्न सामाजिक, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नामांकित व्यक्तियों को ‘महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में छत्रपति संभाजीनगर के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, णमोकार एसएमएस सेवा के संचालक एवं सकल जैन समाज के सक्रिय कार्यकर्ता मनोज छाबड़ा को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गुरुदक्षिणा सभागृह, गोखले एजुकेशन सोसायटी, नासिक में आयोजित समारोह में प्रसिद्ध मराठी फिल्म अभिनेत्री पूजा मालोडे, आनंदी यूनिवर्स फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष गणेश विटेकर एवं प्रिया छाबड़ा की उपस्थिति में मनोज छाबड़ा को यह सम्मान प्रदान किया गया।
मनोज छाबड़ा पिछले 15 वर्षों से णमोकार एसएमएस सेवा के माध्यम से धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सोशल मीडिया के जरिए पूरे महाराष्ट्र में नि:शुल्क पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इसके साथ ही सकल जैन समाज के अंतर्गत भगवान महावीर चौक स्थित महावीर स्तंभ की पिछले 6 वर्षों से नियमित स्वच्छता अभियान भी चला रहे हैं।
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान निरंतर जारी है। अब तक वे 29 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुके हैं, जिसके माध्यम से अनेक जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।
महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित होने पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा समाज के सभी वर्गों की ओर से मनोज छाबड़ा का अभिनंदन एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
यह जानकारी प्रचार-प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा एवं पियुष कासलीवाल ने दी।







