भोपाल (विश्व परिवार)। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में कार बहने से 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे शामिल हैं। 7 मृतक ओडिशा के हैं, जबकि कार ड्राइवर अरुण गोयल आगर-मालवा के बड़ौद का रहने वाला था। सभी श्रद्धालु मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर ली थी।
एसपी दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि घटना रात करीब 3 बजे की है। पुलिस मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में मौत का कारण डूबना सामने आया है। ड्राइवर समेत 6 लोगों की पहचान हो गई है।
ड्राइवर के अलावा मरने वालों में राधा रानी बहेरा, ज्ञानेंद्र कुमार बहेरा, रितारानी पत्नी ज्ञानेंद्र बहेरा, कृष्णा राजवीर पुत्र शिवप्रसाद बहेरा और शिवप्रसाद बहेरा शामिल हैं।
अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया गया है और नगर बंद की तैयारी की जा रही है।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। कलेक्टर, एसपी दिलीप कुमार सोनी और एएसपी रवींद्र कुमार बोयट समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे में 3.7 इंच बारिश
नलखेड़ा में पिछले 24 घंटे में 3.7 इंच बारिश हुई। रात में तेज बारिश के बाद नाले का पानी बढ़ गया। कार बहते हुए पुलिया से करीब 100 मीटर दूर चली गई। सुबह पानी उतरने पर कार की छत दिखाई दी।
स्थानीय व्यक्ति की सूचना पर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की मदद से कार निकाली गई। सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए।







