छत्तीसगढ़दुर्ग

दुर्ग में ज्वेलरी कारोबारी पर चाकूबाजी, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार; दो साल पुरानी घटना की रंजिश में किया हमला

दुर्ग (विश्व परिवार)। शहर में ज्वेलरी कारोबारी पर हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने करीब दो साल पुरानी घटना को चाकूबाजी की वजह बताया है।
चांदी की चेन लेकर दुकान पहुंचा था आरोपी
सराफा कारोबारी के अनुसार, चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक चांदी की चेन लेकर दुकान पर पहुंचा और उसे गिरवी रखने की बात कही। दुकान संचालक ने चेन गिरवी रखने से इनकार करते हुए उसे किसी दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा। इसी बात पर युवक ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाला और कारोबारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में ज्वेलरी शॉप संचालक के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दो साल पुरानी घटना को लेकर थी रंजिश
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। करीब दो साल पहले वह किशोर रंजन पालित की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने पहुंचा था। चेन की कीमत 450 रुपए थी, जबकि उसके पास 350 रुपए ही थे। 100 रुपए कम होने पर उसने कारोबारी से चेन की कीमत कम करने के लिए कहा था।
पुलिस के अनुसार, किशोर ने पूछताछ में बताया कि इसी दौरान कारोबारी ने उससे कहा था कि वह चेन खरीदने की औकात नहीं रखता तो दुकान पर क्यों आता है। किशोर ने पुलिस को बताया कि उस समय उसे दुकान पर अपमानित महसूस हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी घटना के बाद से उसके मन में कारोबारी को लेकर रंजिश थी।
नाबालिग को भेजा गया बाल संप्रेक्षण गृह
पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts