भिलाई (विश्व परिवार)। 25 सितंबर 2026 को आईआईटी भिलाई में नराकास स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “संघ की राजभाषा नीति” था।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र के उपप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन-राजभाषा) जितेंद्र दास मानिकपुरी उपस्थित रहे। उन्होंने संघ की राजभाषा नीति, राजभाषा के संवैधानिक प्रावधानों तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
श्री मानिकपुरी ने विषय को सरल, सहज एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को राजभाषा नीति के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उनके ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक व्याख्यान ने कार्यशाला को विशेष रूप से उपयोगी और प्रभावी बनाया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मंच संचालन रेशमा बानो ने किया। इस अवसर पर संस्थान के कुलसचिव, हिंदी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संघ की राजभाषा नीति को समझने तथा दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक और प्रभावी प्रयोग के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।







