चंडीगढ़छत्तीसगढ़देश

एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 14 स्वर्ण समेत 32 पदक जीतकर लौटे; खेल मंत्री ने किया भव्य स्वागत

चंडीगढ़ (विश्व परिवार)। जापान की धरती पर आयोजित हुए एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य अभिनंदन किया गया। खेल मंत्री गौरव गौतम ने स्वयं एयरपोर्ट पहुंचकर विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को फूलों की मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी इस ऐतिहासिक कामयाबी की जमकर सराहना की।
खेल मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस खेल प्रतियोगिता में भारतीय दल ने कुल 85 पदक हासिल किए हैं। देश की इस बड़ी सफलता में अकेले हरियाणा का योगदान सबसे बेमिसाल रहा, जहां के खिलाड़ियों ने 32 पदकों पर अपना कब्जा जमाया। प्रदेश के इन होनहारों ने देश की झोली में 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक डाले हैं। खेल मंत्री ने इसे हरियाणा की खेल क्षमता और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
इस शानदार परिणाम के बाद खेल मंत्री ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य के लिए पूरा भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में भी खिलाड़ियों को अभ्यास, बेहतर डाइट और आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने यह पदक अपने नाम कर हरियाणा की खेल शक्ति का लोहा मनवाया है। उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर भविष्य में भी मदद का वादा किया।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाने वाले इन खिलाड़ियों पर पूरे हरियाणा को गर्व है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 14 गोल्ड मेडल जीतना यह साफ तौर पर बताता है कि हरियाणा के खिलाड़ी केवल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए नहीं, बल्कि जीत हासिल करने के पक्के इरादे से मैदान में उतरते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जिसमें उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं की भी बड़ी भूमिका है। सरकार पूरी मजबूती के साथ खिलाड़ियों के साथ खड़ी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts