दुर्ग

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव कैटरिंग एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी घोषित, सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी; नई नियमावली भी लागू

दुर्ग (विश्व परिवार)। दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांव कैटरिंग एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक का उद्देश्य कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को संघ द्वारा तैयार नियमावली की जानकारी देना तथा सभी सदस्यों को उसके पालन के लिए प्रेरित करना रहा।
बैठक में उपस्थित कैटरिंग व्यवसायियों ने नियमावली को लेकर सहमति जताते हुए भविष्य में इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। सदस्यों ने कहा कि व्यवस्थित नियमों से कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े आयोजनों में समन्वय बढ़ेगा और व्यवसायियों को भी कामकाज में सुविधा मिलेगी।
एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से प्रेमराज जैन (जैन कैटर्स, दुर्ग), अशोक गुप्ता (अशोक कैटरिंग एंड कैटर्स), राजेश नथवानी (बंटी), नरेंद्र गुप्ता (सुरज जूस कॉर्नर), उदयशंकर चावरे (आहार कैटरिंग सर्विस) और जवाहर जैन (तृप्ति कैटर्स) को संरक्षक बनाया गया है। वहीं मनोज गुप्ता (गोल्डन कैटरर्स, दुर्ग) को अध्यक्ष, सुनील मिश्रा (सुनील कैटर्स, दुर्ग) एवं योगेश गुप्ता (अशोक कैटरिंग एंड कैटर्स) को उपाध्यक्ष बनाया गया।
संजय नथवानी (संजू) (जय जलाराम कैटरर्स) को सचिव और तुषार भोजानी (गोली) (श्री जलाराम कैटरर्स, राजनांदगांव) को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। सुरेश गुप्ता (सुरज जूस कॉर्नर, दुर्ग) कोषाध्यक्ष बनाए गए। इसके अलावा राहुल गुप्ता (राहुल मार्केटिंग, दुर्ग) एवं चेतन जैन (चेतन सजनगोठ, दुर्ग) को विशेष सहयोगी बनाया गया।
पदाधिकारियों के चयन के बाद एसोसिएशन के नियम एवं शर्तों पर भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इनमें भवन, रिसोर्ट एवं होटल द्वारा निर्धारित सफाई अथवा अन्य शुल्क पार्टी द्वारा अलग से दिए जाने, कैटरिंग स्टाफ के अतिरिक्त अन्य इवेंट स्टाफ के भोजन की व्यवस्था पार्टी या इवेंट टीम द्वारा किए जाने तथा कैटरिंग के लिए आवश्यक बिजली कनेक्शन भवन या पार्टी की ओर से उपलब्ध कराने जैसे प्रावधान शामिल हैं।
इसके अलावा भोजन की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से रात 12 बजे के बाद बचे हुए मेहमानों और घरवालों को केवल मेन कोर्स परोसे जाने, रूम सर्विस संबंधित भवन या होटल के नियमों के अनुसार किए जाने तथा इवेंट से एक दिन पहले भवन उपलब्ध होने पर शाम से किचन की व्यवस्था करने संबंधी नियम भी तय किए गए हैं।
बैठक में दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव क्षेत्र के कैटरिंग व्यवसायी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts