छत्तीसगढ़धमतरी

राशन कार्ड में पुरुष की जगह महिला और महिला की जगह पुरुष का नाम, धमतरी में 1000 कार्डों पर सवाल

धमतरी (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा नगर पंचायत में राशन कार्ड को लेकर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई राशन कार्डों में दर्ज सदस्यों की जानकारी में गंभीर गड़बड़ी की गई है। कहीं लड़के के नाम के आगे लड़की और लड़की के नाम के आगे लड़का दर्ज कर दिया गया, तो कई ऐसे लोगों के नाम भी राशन कार्ड में जोड़ दिए गए, जिनका इलाके में कोई अस्तित्व ही नहीं है।
मामले का खुलासा मंगलवार को उस समय हुआ, जब भखारा क्षेत्र के एक RTI कार्यकर्ता ने कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि भखारा नगर में करीब एक हजार राशन कार्डों में इस तरह की गड़बड़ी की गई है।
राशन कार्ड के बाद आवास योजना पर भी सवाल
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला सिर्फ राशन कार्ड तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं में भी इसी तरह की गड़बड़ी किए जाने की आशंकाहै। उनका कहना है कि यदि राशन कार्डों की जांच गंभीरता से की जाए तो बड़े स्तर पर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
मर्द की जगह औरत का नाम, ऐसे नाम भी दर्ज जो कभी थे ही नहीं
शिकायत में दावा किया गया है कि कई कार्डों में वास्तविक हितग्राहियों की जानकारी बदल दी गई है। कहीं पुरुष की जगह महिला का नाम दर्ज है, तो कहीं महिला की जगह पुरुष का नाम दर्ज कर दिया गया। इसके अलावा ऐसे नाम भी राशन कार्ड में शामिल होने की बात कही गई है, जिनका संबंधित क्षेत्र में कोई व्यक्ति मौजूद ही नहीं है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा है और उन्होंने दस्तावेजों व सबूतों के साथ कलेक्टर के सामने मामला रखा है।
कई बार शिकायत, अब कलेक्टर ने लिया संज्ञान
बताया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े को लेकर ग्राम पंचायत से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन में मामला पहुंचने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts