Home national राष्ट्रपति मुर्मू 12 मार्च को मॉरीशस दौरे पर जाएंगी, इस समारोह में...

राष्ट्रपति मुर्मू 12 मार्च को मॉरीशस दौरे पर जाएंगी, इस समारोह में लेंगे हिस्सा

74
0

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को तीन दिन की राजकीय यात्रा पर मॉरीशस जाएंगीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज यहां नियमित ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू, मॉरीशस सरकार के निमंत्रण पर 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए 11 से 13 मार्च के बीच मॉरीशस गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगी ।
जायसवाल ने बताया कि मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय नौसेना की एक टुकड़ी भारतीय नौसेना के पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाज -आईएनएस तीर और भारतीय तटरक्षक बल के जहाज -सीजीएस सारथी के साथ भाग लेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराजसिंह रूपन और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द कुमार जगन्नाथ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू मॉरीशस राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष, मॉरीशस सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और देश के अन्य महत्वपूर्ण नेताओं से मुलाकात करेंगी ।
प्रवक्ता के अनुसार राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू और मेज़बान देश के प्रधानमंत्री श्री जगन्नाथ संयुक्त रूप से भारतीय सहायता प्राप्त 14 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी जो मॉरीशस के साथ भारत की जीवंत विकास साझीदारी के बढ़ते विस्तार और बहुमुखी प्रकृति को प्रदर्शित करेंगे और जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ है। इस अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौतों के आदान-प्रदान के भी गवाह बनेंगी जो दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संस्थागत सहयोग तथा क्षमता निर्माण सहयोग को और मजबूत करेंगे ।
जायसवाल के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू पैम्पलेमोसेस बॉटनिकल गाडर्न में मॉरीशस के नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और अप्रवासी घाट, (जहां भारतीय गिरमिटिया मजदूर पहली बार मॉरीशस पहुंचे थे), इंटरकांटिनेंटल स्लेवरी म्यूजियम और पवित्र गंगा तालाब सहित ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगी। इसके अतिरिक्त वह मॉरीशस विश्वविद्यालय में वहां के युवाओं और सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों, भारतीय प्रवासियों के सदस्यों और महात्मा गांधी संस्थान में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here