छत्तीसगढ़रायपुर

107 में से 100 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण घोषित, ABVP ने IGKV कुलपति को सौंपा ज्ञापन; निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन सहित प्रमुख माँगों पर बनी सहमति

रायपुर (विश्व परिवार)। पुनर्मूल्यांकन की सीमा दो से बढ़ाकर चार विषय करने, विद्यार्थियों को अभिभावकों के साथ उत्तर-पुस्तिकाएँ देखने की सुविधा देने पर कुलपति ने जताई सहमति; औपचारिक आदेश जारी।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर द्वारा हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में सामने आई अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रतिनिधिमंडल ने आज विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय को ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की माँग की। परीक्षा परिणामों में अनेक विद्यार्थियों को परीक्षा में उपस्थित रहने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाए जाने तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक साथ छह से आठ विषयों में अनुत्तीर्ण अथवा एटीकेटी (ATKT/Back) घोषित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

इस पूरे मामले में कांकेर कृषि महाविद्यालय का परिणाम विशेष रूप से चिंताजनक है, जहाँ 107 विद्यार्थियों में से 100 विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई है। अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग कि है कि प्रभावित विद्यार्थियों के परिणामों की जाँच कराई जाए, ताकि मूल्यांकन में संभावित त्रुटियों के कारण किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।

एबीवीपी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में परीक्षा में उपस्थित रहने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाए गए विद्यार्थियों के अभिलेखों की तत्काल जाँच कर परिणामों में सुधार करने, प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तर-पुस्तिकाओं का निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन कराने तथा जाँची गई उत्तर-पुस्तिकाओं की छायाप्रति उपलब्ध कराने की माँग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही मूल्यांकन प्रक्रिया में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार परीक्षकों एवं संबंधित मूल्यांकन केंद्रों के विरुद्ध निष्पक्ष जाँच कर नियमानुसार कार्रवाई करने, पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित विषयों की सीमा बढ़ाने की माँग भी की गई।

अभाविप के प्रतिनिधिमंडल की पहल पर कुलपति महोदय ने विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति जताई। इसमें उत्तर-पुस्तिकाओं का निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन कराने, पुनर्मूल्यांकन की सीमा दो विषयों से बढ़ाकर चार विषय करने तथा छात्र-छात्राओं को अपने अभिभावकों के साथ विश्वविद्यालय पहुँचकर अपनी उत्तर-पुस्तिकाएँ देखने की सुविधा प्रदान करने पर सहमति शामिल है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन निर्णयों से संबंधित औपचारिक आदेश पर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

इस अवसर पर अभाविप छत्तीसगढ़ प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ने कहा, “इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में गंभीर त्रुटियां सामने आई है, विगत दिनों पूर्व विद्यार्थी परिषद ने कांकेर कृषि महाविद्यालय में 107 में से 100 विद्यार्थियों का अनुत्तीर्ण परिणाम आने पर आंदोलन किया था जिसके पश्चात प्रदेश के विभिन्न कृषि महाविद्यालयो के विद्यार्थियों ने विद्यार्थी परिषद को इसी समस्या के बारे में बताया जिसके परिणामस्वरूप आज विद्यार्थी परिषद का प्रतिनिधि मंडल कुलपति महोदय को ज्ञापन सौंपा ।

ज्ञापन में मुख्य रूप से अभाविप छत्तीसगढ़ प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ,अभाविप IGKV इकाई के अध्यक्ष एवं जिला संयोजक शिवम योगी, भाग मंत्री प्रेम साहू, राहुल शर्मा, सिद्धार्थ सिंह एवं मानसी यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts