छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे परिवार की कार ट्रेलर से भिड़ी, भीषण हादसे में 3 की मौत; 2 गंभीर घायल

चाईबासा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर का सफर एक परिवार के लिए जिंदगी की आखिरी यात्रा बन गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास कार और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, कार में एक ही परिवार के लोग सवार थे और सभी छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहे थे। कुदापी डाउन के पास पहुंचते ही उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। भीषण टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दो की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी उत्तम तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts