दिल्लीनई दिल्ली

रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने पर विवाद, प्रियंका गांधी ने जताई नाराजगी

दिल्ली (विश्व परिवार)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी पर बवाल मच गया है। दिल्ली के बीकानेर हाउस (Bikaner House) में आयोजित रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटा दी गईं है। इन फोटो में हाल ही में दिल्ली में सीईशी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों की तस्वीरें भी शामिल थीं। फोटो प्रदर्शनी से बेटे की फोटो हटाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भड़क गईं। उन्होंने कहा कि वे देशभर के युवाओं की आवाज को दबा रहे हैं। इसलिए यह स्वाभाविक ही है कि वे किसी के साथ भी ऐसा करेंगे। जबकि रेहान ने कलाकारों को सेंसर करने का आरोप लगाया। हालांकि इस मामले में बीकानेर हाउस की ओर से कोई बयान नहीं आया है।
दरअसल रेहान ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनकी सोलो एग्जीबिशन ‘नो आइडिया इज फाइनल’ शुरू होने से कुछ घंटे पहले तस्वीरें हटाई गईं। प्रदर्शनी में पहले 100 से ज्यादा तस्वीरें थीं। अब करीब 40 बची हैं। रेहान ने आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक माहौल का हवाला दिया गया। जबकि तस्वीरों में कोई राजनीतिक संदेश नहीं था। उन्होंने कहा- कलाकारों के काम को सेंसर किया जा रहा है।
रेहान ने बताया कि बुधवार दोपहर 3:30 बजे उनसे कहा गया कि शाम 5 बजे तक तस्वीरें नहीं हटाईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। रेहान के मुताबिक, प्रशासन ने मौजूदा राजनीतिक माहौल का हवाला देकर उनकी तस्वीरों पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनी का प्रस्ताव और लेआउट पहले ही प्रबंधन को दिया जा चुका था। उन्होंने कहा कि तस्वीरें पिछले छह महीनों में हुए प्रदर्शनों का दस्तावेज थीं। रेहान ने कहा- मुझे नहीं पता कि वे किससे डरे हुए हैं और तिरंगा की फोटो तक हटाने की हद तक चले गए, लेकिन मैं तिरंगे के फोटो नहीं हटाऊंगा। प्रदर्शनी रविवार तक तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।
प्रियंका गांधी जताई आपत्ति
बीकानेर हाउस प्रशासन के फैसले पर रेहान की मां और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने तस्वीरें हटाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह हास्यास्पद है। वे देशभर के युवाओं की आवाज को दबा रहे हैं। इसलिए यह स्वाभाविक ही है कि वे किसी के साथ भी ऐसा करेंगे। प्रियंका ने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी रेहान की तस्वीरों में न तो कोई टिप्पणी थी और न ही किसी के खिलाफ कुछ अपमानजनक था। वे सिर्फ विरोध-प्रदर्शन का दृश्य के जरिये किया गया दस्तावेजीकरण थीं। स्पष्ट रूप से यही उनका (सरकार) तरीका है। अब लोकतंत्र नहीं रहा। आज यह उसके साथ हुआ है, कल किसी और कलाकार के साथ होगा।
रेहान ने दिल्ली प्रदर्शनों की फोटो खींचीं, राहुल गांधी भी नजर आए
रेहान वाड्रा की फोटो सीरीज में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दृश्य दर्ज हैं। तस्वीरों में पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और प्रदर्शन के दौरान बने तनावपूर्ण माहौल को दिखाया गया है। एक तस्वीर में राहुल गांधी भी प्रदर्शनकारियों के बीच नजर आ रहे हैं। ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में हुए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts