- धनंजय बैरागी ने 10 रन देकर झटके 4 विकेट, एलीट क्रिकेट अकादमी 110 पर सिमटी
रायपुर (विश्व परिवार)। न्यू एरा क्रिकेट लीग (अंडर-16) के दूसरे दिन शनिवार को इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए एलीट क्रिकेट अकादमी को 82 रनों से हरा दिया।
टॉस जीतकर एलीट क्रिकेट अकादमी ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया, लेकिन इमर्जिंग के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। पारी की नींव दर्श तुलस्यान की शानदार बल्लेबाजी पर टिकी रही। उन्होंने मात्र 85 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 90 रन बनाए। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
अनुनय दुबे (23) और तनिष्क पाटनी (22) ने भी उपयोगी योगदान दिया। इसकी बदौलत इमर्जिंग क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 35 ओवरों में 6 विकेट खोकर 192 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलीट क्रिकेट अकादमी की टीम कभी लय में नजर नहीं आई। गेंदबाजी में धनंजय बैरागी ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जिसमें 3 मेडन ओवर भी शामिल रहे। उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा। नतीजतन एलीट की पूरी टीम 27.2 ओवरों में 110 रन पर ऑल आउट हो गई।
शानदार पारी के लिए दर्श तुलस्यान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।







