गरियाबंद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर कला गांव में गोवर्धन पूजा एक अनोखी और ऐतिहासिक परंपरा के साथ मनाई जाती है। यहां 200 साल से भी अधिक पुरानी परंपरा के अनुसार, देव सवार सिरहा को 150 से ज्यादा गौधन रौंदते हुए निकलते हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में गौधन के गुजरने के बावजूद सिरहा को एक खरोंच तक नहीं आती।
इस बार भी गांव में परंपरा के अनुसार धूमधाम से गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। रस्म के तहत गांव के सिरहा को मुख्य गली के बीचों-बीच बैठाया गया। इसके बाद ग्राम देवी के जयकारों के बीच 150 से अधिक गौधन को खुला छोड़ दिया गया। गौधन गौरा गुड़ी से होते हुए मुख्य गली में दौड़ते निकले और बैठे हुए सिरहा को रौंदते हुए आगे बढ़ गए।
परंपरा के अनुसार, इस रस्म के बाद गांव के पटेल परिवार का एक सदस्य सिरहा को अपने कंधे पर बैठाकर उनके घर तक छोड़ने जाता है। इसे सिरहा के पूरी तरह स्वस्थ होने का प्रमाण माना जाता है।
10 साल से सिरहा की भूमिका निभा रहे सुंदर यादव
गांव में सुंदर यादव पिछले 10 वर्षों से सिरहा की भूमिका निभा रहे हैं। बताया जाता है कि यादव परिवार में यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। इस आयोजन को कैलेंडर की निर्धारित तिथि के अनुसार नहीं, बल्कि दीपावली के बाद पड़ने वाले रविवार या बुधवार को संपन्न किया जाता है।
गांव के 87 वर्षीय बुजुर्ग निहाल नेगी बताते हैं कि उनके दादा-परदादा के जमाने से ही इस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। यह आयोजन गौधन के प्रति ग्रामीणों की अटूट आस्था और उन्हें देवतुल्य मानने की परंपरा का प्रतीक है।
इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए मैनपुर कला के अलावा आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचते हैं। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीण संस्कृति, आस्था और विरासत को जीवित रखे हुए है।







