छत्तीसगढ़रायपुर

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस को भव्य बनाने की तैयारी, प्रदेश संगठन महामंत्री ने किया निरीक्षण

रायपुर/धरमजयगढ़ (विश्व परिवार)। भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय ‘जनजातीय गौरव दिवस समारोह’ के निमित्त भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सभा को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के लिए शनिवार को भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने धरमजयगढ़ पहुँचकर सभास्थल और कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नवीन के प्रस्तावित प्रवास और उनकी विशाल आमसभा के मद्देनजर श्री सिंह ने मंच व्यवस्था, बैठक, यातायात, पेयजल और सुरक्षा सहित तमाम तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने मौके पर मौजूद प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यक्रम की भव्यता और सफलता के दृष्टिगत आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और स्वाधीनता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को नमन करने का महापर्व है। श्री सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और इस भव्य आयोजन को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तन्मयता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे। रविवार सुबह आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय समारोह में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस आयोजन में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी की गई है।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष राम गर्ग, बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला अध्यक्ष रायगढ़ अरुण धर दीवान, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts