Home Election कांग्रेस की पांच सीटों पर बदला समीकरण, पीसीसी चीफ दीपक बैज की...

कांग्रेस की पांच सीटों पर बदला समीकरण, पीसीसी चीफ दीपक बैज की टिकट भी अटकी

61
0
  • भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा से कांग्रेस में गहन मंथन, अब तीसरी सूची का इंतजार
  • बस्तर, सरगुजा, रायगढ़, बिलासपुर व कांकेर में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा बाकी

रायपुर(विश्व परिवार)-कांग्रेस की दूसरी सूची में भी छत्तीसगढ़ की पांच सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषणा नहीं की जा सकी है। पीसीसी चीफ सहित पांच सीटों पर टिकट फाइनल नहीं होने की वजह कांग्रेस की अंदरुनी राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कांग्रेस की सीटों पर पूरी तरह से समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

खास बात यह है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज जो कि वर्तमान में बस्तर के सांसद हैं। उनकी टिकट फाइनल मानी जा रही थी, लेकिन यहां भी पेंच फंसा हुआ है। बस्तर से दूसरा नाम भी आ चुका है। पहली व दूसरी सूची में भी बैज का नाम नहीं आया।

कांग्रेस ने 11 सीटों में छह सीटों पर नाम घोषित कर दिया है, लेकिन बाकी पांच अन्य सीटों पर दावेदारों के नाम पर सस्पेंस बरकरार है। सूत्रों के मुताबिक इन सीटों पर अभी भी एक से अधिक नाम हाइकमान के पास लंबित है। प्रदेश में इन सीटों पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है। साथ ही पूर्व मंत्रियों के अलग-अलग पैनलों का दबाव सीटों पर नजर आ रहा है।

बिलासपुर : टीएस सिंहदेव की हो रही चर्चा

बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र से पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के नाम की चर्चा कांग्रेस शिविर में हो रही है। सिंहदेव के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य विष्णु यादव,जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक व चंद्रपुर के विधायक रामकुमार यादव के नाम की चर्चा हो रही है। भाजपा ने यहां ओबीसी वर्ग से प्रत्याशी तोखन साहू को प्रत्याशी बनाया है।

सरगुजा : एक से ज्यादा नाम

तीन माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से मजबूत दावेदारी सामने नहीं आई थी। युवक कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव शशि सिंह का नाम शीर्ष क्रम में चल रहा था,लेकिन अचानक पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का नाम सामने आ रहा है, वहीं पूर्व मंत्री डा प्रेमसाय सिंह, पूर्व सांसद खेलसाय सिंह के नामों पर भी चर्चा चल रही है।

भाजपा की ओर से पूर्व विधायक चिंतामणि महाराज को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस की टिकट पर पेंच फंस गया हैं। भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज तीन माह पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। कांग्रेस की शशि सिंह के नाम की घोषणा नहीं हुई है लेकिन वे संसदीय क्षेत्र का धुआंधार दौरा आरंभ कर चुकी हैं।बता दें,शशि सिंह पूर्व मंत्री स्व तुलेश्वर सिंह की सुपुत्री हैं।

बस्तर : सांसद की टिकट घोषित करने में भी पशोपेश

अजजा वर्ग के सुरक्षित बस्तर सीट से वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सांसद हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की दो सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी उनमें एक बस्तर सीट भी शामिल थी। कुछ दिनों पहले तक वर्तमान सांसद दीपक बैज इस सीट से लोकसभा टिकट के इकलौते दावेदार थे और माना जा रहा था कि कांग्रेस प्रत्याशियों की छत्तीसगढ़ के लिए जारी होने वाली पहली सूची में बस्तर सीट से भी प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

प्रदेश की जिन पांच सीटों पर प्रत्याशियाें की घोषणा लंबित है उसमें बस्तर को भी डाल दिया गया है। काेंटा सीट से छह बार के विधायक कवासी लखमा के पुत्र जिला पंचायत अध्यक्ष कवासी हरीश की दावेदारी अचानक सामने आने के बाद यह स्थिति निर्मित हो गई है।

जानकारी के मुताबिक हरीश के लिए टिकट की मांग करने बस्तर लोकसभा क्षेत्र के तीनों वर्तमान विधायक कवासी लखमा, विक्रम मंडावी और लखेश्वर बघेल तथा कई पूर्व विधायक व संगठन के पुराने नेता दिल्ली जाकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और छग कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री सचिन पायलट व स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल से मिलकर लौटे हैं। भाजपा ने यहां महेश कश्यप को टिकट दिया है।

रायगढ़ : मुख्यमंत्री के संसदीय क्षेत्र से दमदार प्रत्याशी की तलाश

रायगढ़ लोकसभा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संसदीय क्षेत्र है। मुख्यमंत्री साय चार बार यहां से सांसद रह चुके हैं। राजनीतिक दृष्टिकोण से प्रदेश के लिए रायगढ़ लोकसभा चुनाव का खास महत्व है। भाजपा ने पहली बार रायगढ़ जिले से किसी भाजपा नेता को प्रत्याशी बनाया है। राधेश्याम राठिया पर भरोसा जताया है। कांग्रेस को जिताऊ उम्मीदवार की तलाश है। कांग्रेस से संभावित उम्मीदवार के रूप में राजघराने से जयमाला सिंह, पूर्व विधायक पत्थलगांव रामपुकार तथा वर्तमान विधायक लालजीत सिंह राठिया को दोबारा उम्मीदवार बनाये जाने की अटकलें लगाई जा रही है।

कांकेर : पूर्व महिला मंत्री मैदान पर उतरी

कांकेर लोकसभा सीट से कांग्रेसी नेती बीरेश ठाकुर के नाम के बाद अचानक पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया का नाम सामने आ रहा है। कांकेर लोकसभा सीट से भाजपा ने हिंदुवादी चेहरे के नेता भोजराज नाग को टिकट दे दिया है। कांकेर में भी सियासी समीकरण बदल चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here