- हनुमान जन्मोत्सव पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सेवा का दिया प्रेरक संदेश
रायपुर (विश्व परिवार)। संकटमोचक भगवान हनुमान के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा मंगल भवन में एक भव्य सेवा एवं श्रद्धा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी श्री सीताराम अग्रवाल द्वारा किया गया, जिसमें विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सहभागिता करते हुए गरीबों एवं जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया। इस सेवा कार्य के माध्यम से समाज में सहयोग, समर्पण और मानवता का संदेश दिया गया।
अपने उद्बोधन में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि भगवान हनुमान का जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, भक्ति और परोपकार की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और सेवा की भावना को बल मिलता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, समाजसेवी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने संकटमोचक भगवान हनुमान से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।





