कोरबा छत्तीसगढ़

पुलिस के फोन से घबराया गैरेज मिस्त्री फांसी लगाकर दी जान, मरने से पहले बनाया वीडियो

  • पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर उठ रहे सवाल

कोरबा (विश्व परिवार)। जिले में सनसनीखेज खबर है जिसमें एक गैरेज मिस्त्री ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो बनाया है। युवक ने जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा पुलिस (चौकी) में पदस्थ किसी आरक्षक के द्वारा फोन आने के बाद टेंशन में यह कदम उठाना बताया है।
पुलिस विभाग की कार्यशैली से आम आदमी में प्रताडऩा और भयादोहन का डर अभी भी कम नहीं हुआ है। ऐसे की भय के चलते एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मामला कोरबा जिले के उरगा थाना का है। अशोक लीलैंड नामक कंपनी में कार्यरत युवा मिस्त्री सनत कश्यप निवासी अकलतरा, जिला जांजगीर-चाम्पा ने सीलिंग पंखा के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना बाद मौके पर पहुंची उरगा पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर वैधानिक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया। इस घटना को लेकर एक वीडियो सामने आया है जो सनत कश्यप ने अपने मृत्यु से पहले बनाया।
जानकारी मुताबिक धीरज पाटले नामक एक युवक जो सनत कश्यप के साथ रूम शेयर कर रहता था और मिस्त्री है। वह कल दोपहर से भाग गया है। शाम को पता चला कि उसने पंतोरा पुलिस चौकी क्षेत्र की किसी युवती को अपने साथ भगाया है। युवती के परिजन ने पंतोरा चौकी में धीरेंद्र पाटले के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। पंतोरा चौकी के किसी आरक्षक ने पूछताछ के संबंध में सनत कश्यप से फोन पर बात की और उसे चौकी आने के लिए बुलाया तो सनत कश्यप काफी भयभीत हो गया।
सनत ने आत्महत्या पूर्व बनाये अपने वीडियो में कहा है कि- घर वालों की तरफ से कोई टेंशन नहीं है। मुझे पंतोरा थाना के पुलिस वाले गाली-गलौज कर रहे हैं। जब कुछ किया नहीं तो इतना गाली दिए हैं बुलाए हैं, वहां जाऊंगा तो फिर क्या करेंगे। बहुत टेंशन में हूं, घर वालों की तरफ से कोई टेंशन नहीं है, धीरेंद्र को भगाने में मेरा कोई हाथ नहीं है…।
अपने मोबाइल में उक्त वीडियो बनाने के बाद सनत कश्यप ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक अपने परिवार में चार भाईयों में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंचे। इस घटना के बाद एक बार फिर पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts