कोरबा छत्तीसगढ़

1 अप्रैल को होगा भव्य सामूहिक विवाह: पं. धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में 108 दिव्यांग व निर्धन कन्याएं बंधेंगी परिणय-सूत्र में

कोरबा (विश्व परिवार)। ऊर्जाधानी कोरबा में आगामी 1 अप्रैल 2026 को एक भव्य और पुनीत आयोजन होने जा रहा है। ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में संपन्न होगा।
मां सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा कोरबा में वर्ष 2024 में आयोजित नम: सामूहिक विवाह की सफलता के बाद इस वर्ष आयोजन को और बड़े स्तर पर किया जा रहा है। इस बार अपना आश्रम सेवा समिति के आयोजनत्व में यह कार्यक्रम ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में आयोजित होगा।
108 कन्याओं का हो चुका है पंजीयन
नम: सामूहिक विवाह के प्रभारी एवं मां सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक-व्यवस्थापक ने बताया कि अब तक 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का पंजीयन हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि ईश्वरीय कृपा से इतने बड़े स्तर पर यह पुण्य कार्य आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 108 कन्याएं अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगी। उन्होंने बताया कि आयोजन में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए देशभर से आए विद्वान आचार्य, संत-महात्मा और प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
27 मार्च से 1 अप्रैल तक होगी श्री हनुमंत कथा
आयोजकों के अनुसार ग्राम ढपढप में 27 मार्च से 1 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा का दिव्य आयोजन भी किया जा रहा है। छह दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में पंडित धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा श्रवण कराएंगे। इस कथा के समापन दिवस 1 अप्रैल को ही नम: सामूहिक विवाह का आयोजन होगा, जिसमें 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं अपने मनपसंद जीवनसाथियों के साथ परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत करेंगी।
कन्याओं की संख्या बढऩे की संभावना
आयोजकों ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन अभी भी जारी है, इसलिए कन्याओं की संख्या 108 से अधिक भी हो सकती है। आयोजन समिति का कहना है कि समाज के सहयोग से यह आयोजन न केवल जरूरतमंद बेटियों के जीवन में खुशियां लाएगा, बल्कि समाज में सामूहिक विवाह की परंपरा को भी मजबूत करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts