- यूपी का शातिर जगदलपुर से गिरफ्तार
जगदलपुर (विश्व परिवार)। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर पहले 1 लाख 80 हजार रुपये ठगे, और जब पीडि़त ने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूट ली। बस्तर पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पूरे मामले की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में की गई। 27 फरवरी 2026 को ग्राम राजनगर टू मलीपाड़ा निवासी 20 वर्षीय रूपेश कुमार कश्यप ने थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि एसएससी (जीडी) की नौकरी के लिए फॉर्म भरने के दौरान उसकी मुलाकात मोहित यादव से हुई, जिसने खुद को सीआरपीएफ के खुफिया विभाग से जुड़ा बताते हुए ऊंचे संपर्कों का दावा किया। आरोपी ने कहा कि सुकमा में सीआरपीएफ की वैकेंसी निकली है और 3 लाख रुपये देने पर नौकरी पक्की करा देगा। विश्वास जीतने के लिए उसने पढ़ाई करने की सलाह दी और किताब भी दिलवाई।
धीरे-धीरे आरोपी ने किस्तों में 1.80 लाख रुपये ले लिए। जब युवक को ठगी का आभास हुआ तो वह अपनी मोटरसाइकिल से पैसे वापस मांगने गया। आरोप है कि मोहित यादव ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल व हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सतत खोजबीन के बाद आरोपी को उत्तर बस्तर कांकेर से दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। 28 फरवरी 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
आरोपी मोहित यादव (26 वर्ष) मूल रूप से ग्राम दतावली, थाना मटसेना, जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में धर्मपुरा एलआईसी रोड, थाना बोधघाट, जगदलपुर में रह रहा था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि नौकरी के नाम पर ठगी और लूट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





