रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर की राजधानी क्षेत्र में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेलीबांधा इलाके में बीच सडक़ चल रही एक कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। गाड़ी में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना रिंगरोड स्थित अग्रसेन चौक के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती सुमो ग्रैंड में अचानक आग भडक़ उठी और कुछ ही मिनटों में वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। सडक़ से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई और आसपास भीड़ जमा हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, कार में बैठे सभी लोग झारखंड के निवासी हैं। वाहन भी झारखंड पंजीयन का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने यातायात बाधित न हो, इसके लिए सडक़ को जल्द ही खाली करवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया। फिलहाल कार में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और तकनीकी कारणों की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।





