रायपुर (विश्व परिवार)। ऐतिहासिक कुंवरगढ़ महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ी लोक कला, संगीत एवं हास्य का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा की ऊर्जावान प्रस्तुति से हुई, जिसने दर्शकों में उत्साह का संचार किया। इसके पश्चात लोक गायिका गरिमा दिवाकर ने भक्ति एवं लोक संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। उभरती कलाकार चम्पा निषाद ने भी अपने मधुर गीतों से दर्शकों का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक संध्या में हास्य कलाकार पप्पू चंद्राकर ने अपने चुटीले अंदाज से दर्शकों को खूब गुदगुदाया और कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के सर्वांगीण विकास एवं प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर धरसीवां विधायक अनुज शर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





