बिलासपुर (विश्व परिवार)। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया, जिसमें मोपेड सवार दंपति ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम सलखा (बेलतरा) निवासी रामायण कश्यप (55) अपनी पत्नी गीता कश्यप के साथ मोपेड से बेलतरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सर्विस रोड से नेशनल हाईवे-130 पर पहुंचे, उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही रामायण कश्यप दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पीछे बैठी उनकी पत्नी गीता कश्यप ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





