रायपुर (विश्व परिवार)। अदाणी पावर लिमिटेड की सामाजिक इकाई अदाणी फाउंडेशन द्वारा तिल्दा विकासखंड में संचालित जेएनवी (जवाहर नवोदय विद्यालय) कोचिंग सेंटर ने इस वर्ष शानदार सफलता हासिल की है। तिल्दा ग्रामीण क्षेत्र की 14 सीटों में से 9 सीटों पर इस सेंटर के विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित छात्र रायपुर के माना स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेंगे।
इस बार चिचोली, मुरा, खपरी, ताराशिव और मोहरेंगा गांवों से विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें चिचोली, मुरा, खपरी और ताराशिव से 2-2 तथा मोहरेंगा से 1 विद्यार्थी शामिल है। कोचिंग सेंटर में नियमित कक्षाओं, विषयवार मार्गदर्शन और अनुशासित अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को जेएनवी प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार किया जाता है।
वर्ष 2011 से संचालित इस पहल के माध्यम से अब तक कुल 91 विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय में हो चुका है। पिछले वर्ष भी इस सेंटर का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा था, जब 14 में से 13 सीटों पर यहां के विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की थी।
वर्तमान में इस कोचिंग सेंटर में करीब 130 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। चयनित छात्रों के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में भी सुधार देखा गया है, जिससे वे स्कूल परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर स्थानीय समुदाय ने अदाणी फाउंडेशन की सराहना की है। विभिन्न गांवों के सरपंचों ने इस पहल को ग्रामीण छात्रों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे आगे भी जारी रखने की अपेक्षा जताई है।
अदाणी फाउंडेशन छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास से जुड़ी कई योजनाएं संचालित कर रहा है। शिक्षा सहयोग, कौशल विकास, स्वास्थ्य शिविर और रोजगार उन्मुख कार्यक्रमों के माध्यम से फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का कार्य कर रहा है।





