सक्ती (विश्व परिवार)। जिले में जिला पंचायत ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता धनंजय सिंह चंद्रा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निर्माण कार्यों में अनियमितता और लापरवाही के आरोपों के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार उप अभियंता द्वारा पांच निर्माण कार्यों के पूर्ण हुए बिना ही उनका मूल्यांकन प्रस्तुत किया गया था। मामले की जांच के लिए गठित दल की रिपोर्ट में लापरवाही और अनियमितता सामने आने के बाद जिला पंचायत ने यह कदम उठाया।
इस मामले में संबंधित अधिकारी को पहले कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, उनके द्वारा दिए गए जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया।
इसके बाद जिला पंचायत सक्ती ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए उप अभियंता धनंजय सिंह चंद्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।





